Thu. Apr 16th, 2026

-बुधवार देर रात बारिश व हवाओं के कारण शहर के ज्यादातर हिस्सों में बिजली रही गुल -कई इलाकों में पूरी रात रहे पावरकॉम के ग्रिड

बंदलुधियाना: बुधवार देर रात तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने पावरकॉम का सप्लाई सिस्टम पूरी तरह फेल कर दिया। बुधवार देर रात से वीरवार सुबह तक शहर के ज्यादातर इलाकों में बिजली गुल रही। पूरी रात बिजली गुल होने के कारण लोगों के इंवर्टर भी जवाब दे गए जिसकी वजह से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोग पावरकॉम के शिकायत नंबर 1912 पर फोन करते रहे लेकिन कोई रिस्पोंस नहीं मिला। तड़के बारिश बंद होने के बाद कुछ इलाकों में बिजली बहाल हुई जबकि कई इलाकों में बिजली बहाल होते-होते आठ बज गए। पावरकॉम के पास फील्ड स्टाफ की भारी कमी है जिसकी वजह से शिकायत केंद्र में की गई कॉल को रिसीव ही नहीं किया जा रहा। लोग मोबाइल एप या अन्य साधनों से शिकायत कर रहे हैं तो उन्हें सिर्फ एक मैसेज आ जाता है कि कुछ समय बाद शटडाउन होगा तो उनकी बिजली भी बहाल हो जाएगी। सूत्रों के मुताबिक रात को जब तेज हवाओं के साथ बारिश हुई तो पावरकॉम ने खुद ही ग्रिड बंद कर दिए ताकि सप्लाई सिस्टम को ज्यादा नुकसान न हो। बारिश व तेज हवाओं के रूकने के बाद ग्रिड चालू किए तो जिन इलाकों में ट्रांसफार्मर की तारों या खंभों के जंपरों को नुकसान नहीं हुआ था वहां बिजली बहाल हो गई जबकि कई जगह सप्लाई सिस्टम डैमेज होने के कारण सुबह तक बिजली बहाल नहीं हुई। अग्र नगर, बाड़ेवाल, साउथ सिटी, हंबड़ा रोड, किचलू नगर, सिविल लाइन, कैलाश सिनेमा चौक, छावनी मोहल्ला, काली सड़क, नूरवाला रोड, राहों रोड, सुभाष नगर, टावर लाइन नंबर पांच के आसपास के इलाके, ताजुपर रोड, फोकल प्वाइंट, सैक्टर 32, स्टार कालोनी, गार्डन सिटी, किशोर नगर व अन्य इलाकों में बुधवार की देर रात से वीरवार तड़के तक बिजली गुल रही।

——–

चीफ साहब, थोड़ी सी हवा होते ही बंद होते हैं फीडर, रुक जाती हैं फैक्ट्रियों में मशीनें

-अलग-अलग औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने नव नियुक्त चीफ इंजीनियर को गिनाई समस्याएं

: इंजीनियर जगदेव सिंह हांस ने लुधियाना सैंट्रल जोन के नए चीफ इंजीनियर का पदभार संभाला। वीरवार को अलग-अलग औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारियों ने चीफ इंजीनियर का स्वागत किया और साथ ही उन्हें अपनी समस्याएं भी गिना दी। उद्यमियों ने कहा कि चीफ साहब, पावरकॉम को सप्लाई सिस्टम इतना कमजोर है कि थोड़ी सी हवा होती है तो आपके फीडर बंद हो जाते हैं। जिसकी वजह से फैक्ट्रियों में मशीनें रूक जाती हैं। इस वजह से इंडस्ट्री को भारी नुकसान ङोलना पड़ रहा है। अफसरों को शिकायत करो तो वो सुनते नहीं हैं। उन्होंने चीफ इंजीनियर से मांग की है कि भामियां रोड पर एक 66 केवी का पावर सब स्टेशन स्थापित किया जाए ताकि इंडस्ट्री को निर्विघ्न बिजली मिलती रहे।ताजपुर रोड, मोती नगर व आसपास के इलाकों में चल रही इंडस्ट्री पावरकॉम के सप्लाई सिस्टम से बेहद परेशान है। उद्यमियों को नियमित बिजली सप्लाई नहीं मिल रही है। हल्की सी बारिश या हवा होने पर 11 केवी फीडरों में फॉल्ट आने के कारण खराब हो जाते हैं। वीरवार को चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड ट्रैडिंग इंटरप्रन्यौर, मोती नगर यूनाइटेड फैक्टरी एसोसिएशन व अन्य एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नव नियुक्त चीफ इंजीनियर को अपनी समस्याएं बताई। पदाधिकारियों ने चीफ इंजीनियर को कहा कि उद्यमी लंबे समय से निर्विघ्न बिजली सप्लाई की डिमांड कर रहे हैं लेकिन उन्हें पूरी बिजली नहीं मिल रही। जिसकी वजह से उनका कारोबार बर्बाद हो रहा है। चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड ट्रैडिंग इंटरप्रन्यौर के प्रधान कुलवंत सिंह व महासचिव और कक्का रोड इंडस्ट्री वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रमेश गर्ग ने कहा कि भामियां के पास एक नया ग्रिड बनाया जाए ताकि इंडस्ट्री को बिजली मिल सके। उन्होंने कहा कि ताजपुर रोड का पूरा ग्रिड ही ओवरलोड चल रहा है। इससे इस क्षेत्र में दिनभर में चार से पांच बार बिजली बंद हो जाती है। मोती नगर यूनाइटेड फैक्ट्री एसोसिएशन के प्रधान विनोद डावर ने कहा कि मोती नगर में भी ट्रांसफार्मर ओवर लोड चल रहे हैं जिसकी वजह से बार-बार बिजली गुल हो जाती है। शिकायत के बाद उनकी समस्या का हल नहीं हो रहा। उद्यमियों ने कहा कि पूरे फोकल प्वाइंट एरिया में बिजली सप्लाई की समस्या है। उन्होंने चीफ इंजीनियर को कहा कि वो पहले भी इस क्षेत्र में बतौर डिप्टी चीफ इंजीनियर काम कर चुके हैं और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत हैं। इसलिए उन्हें उम्मीद है कि इस बार इंडस्ट्री की समस्या का समाधान निकलेगा। इस मौके पर सुरेश गोयल, सोनू हबी, केके गर्ग व अन्य भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *