-सब तहसील लुधियाना पूर्वी के कलेक्टर रेट में 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरीलुधियाना, 4 जुलाई: जिला प्रशासन ने वर्ष 2024-25 के लिए प्रस्तावित कलेक्टर रेट जारी कर दिए। जिला प्रशासन ने तीन सब तहसीलों में से सिर्फ एक सब तहसील के कलेक्टर रेट में बढ़ोत्तरी की जबकि दो सब तहसीलों के कलेक्टर रेटों को छेड़ा तक नहीं। प्रशासन की तरफ से जारी प्रस्तावित कलेक्टर रेट देख कर शहर की तीन सब तहसीलों में से दो सब तहसीलों के प्रॉपर्टी कारोबारियों व आम लोगों ने राहत की सांस ली वहीं एक तहसील के लोग व प्रॉपर्टी कारोबारी नए रेट से खुश नहीं हैं। प्रशासन ने लुधियाना पूर्वी सब तहसील के ज्यादातर इलाकों के कलेक्टर रेट में 10 फीसदी से ज्यादा की बढ़ोत्तरी की है जबकि केंद्रीय व वैस्ट सब तहसील के अधीन आने वाले क्षेत्रों के रेट में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई। एसडीएम लुधियान वैस्ट दीपक भाटिया का कहना है कि जिन क्षेत्रों में कलेक्टर रेट 2021 में ज्यादा बढ़े थे उनके रेट इस बार नहीं बढ़े हैं। लुधियाना जिले में कलेक्टर रेट को लेकर प्रॉपर्टी कारोबारियों में भारी असमंजस था। प्रॉपर्टी कारोबारियों को लग रहा था कि लुधियाना जिले में कलेक्टर रेटों में एक बार फिर से काफी ज्यादा बढ़ोत्तरी की जा रही है। दरअसल जिला प्रशासन ने प्रस्तावित रेट तैयार करने से पहले प्रॉपर्टी कारोबारियों से बैठक की। जिसके बाद यह कयास लगाए जा रहे थे कि इस बार फिर से कलेक्टर रेटों में भारी बढ़ोत्तरी की जाएगी। उसके बाद प्रॉपर्टी कारोबारियों ने डिप्टी कमिश्नर को मांगपत्र देकर रेट न बढ़ाने की मांग की। जिला प्रशासन ने बुधवार देर रात जो प्रस्तावित रेट जारी किए हैं तो उन्होंने राहत की सांस ली हालांकि सब तहसील पूर्वी में 10 फीसदी की बढ़ोत्तरी से नाराजगी जताई जा रही है। लुधियाना पूर्वी सब तहसील के 993 क्षेत्रों में से 292 इलाकों के रेट नहीं बढ़ाए गए जबकि बाकी के 700 क्षेत्रों में रिहायशी व कमर्शियल दोनों के रेट बढ़ाए गए हैं। लुधियाना शहर के आसपास लगती सब तहसीलों में से डेहलों के क्षेत्रों में भी कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई। वहीं साहनेवाल में रिहायशी क्षेत्रों के रेट में 100 रुपये और कमर्शियल में 200 रुपये प्रतिगज की बढ़ोत्तरी की गई। उधर मुल्लापुर में भी कलेक्टर रेट में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई। समराला में 20000 रुपये प्रति मरला और माछीवाड़ा में 3000 रुपये से 5000 रुपये तक की बढ़ोत्तरी की गई।