
-विद्यार्थियों ने पेश किए रंगारंग कार्यक्रम-मुख्य अतिथि एसीपी गुरदेव सिंह ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया से दूर रहने और मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करने की दी नसीहत



समाचारवाला/लुधियाना
आरके पब्लिक सीनियर सैकेंडरी स्कूल भामियां कलां का वार्षिक समारोह गुरुनानक देव भवन में करवाया गया। स्कूल की तरफ से वार्षिक समारोह की थीम ‘उड़ान: छूना है आसमान’ रखी गई। इस थीम के जरिए विद्यार्थियों को अपने सपने साकार करने के लिए प्रेरित किया गया। समारोह में असिस्टैंट कमिश्नर ऑफ पुलिस गुरदेव सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित हुए। समारोह में नर्सरी कक्षा से लेकर 12 वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। सीनियर सैकेंडरी विंग की छात्रओं ने गिद्दा पेश करके ऑडिटोरियम में बैठे अभिभावकों व मुख्य अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर अभिभावकों ने जमकर तालियां बजाई और उनकी हौंसला अफजाही की। समारोह में स्कूल प्रबंधन ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। समारोह में पूर्व सिनेट व सिंडिकेट मैंबर पंजाब यूनिवर्सिटी नरेश गौड़, एडवोकेट सोमप्रकाश कौशिक, सिटी यूनिवर्सिटी के डायरैक्टर अमनदीप तांगड़ी, इंजीनियर हरप्रीत सिंह व मुख्य अध्यापक नरेंद्र सिंह विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।

समारोह में प्रिंसिपल सर्बजीत सिंह ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश की और अभिभावकों को स्कूल में होने वाली गतिविधियों व अन्य क्रिया कलापों से अवगत कराया। सर्बजीत सिंह ने अगले शैक्षणिक सत्र में होने वाली गतिविधियों का कलैंडर भी अभिभावकों के सामने रखा। समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि एससीपी गुरदेव सिंह को स्कूल प्रबंधन की तरफ से चेयरमैन ऋषि कौशिक, डायरैक्टर पूजा कौशिक, प्रिंसिपल सर्बजीत सिंह, मनोज कुमार व अमन तांगड़ी , नेहा शर्मा ने सम्मानित किया।

एसीपी गुरदेव सिंह ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित किया और कहा कि बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर जो कंटेंट चल रहा है उसमें से बहुत सा कंटेंट ऐसा है जो कि बच्चों पर बुरा असर डाल सकता है। इसके अलावा उन्होने कहा कि मोबाइल का इस्तेमाल करना बच्चों की मजबूरी हो गई है लेकिन इसका इस्तेमाल सिर्फ काम के लिए होना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि जब बच्चे मोबाइल इस्तेमाल करते हैं तो उन पर नजर रखें ताकि वो कोई गलत कंटेंट न देखें। उन्होंने विद्यार्थियों को पुलिस की कारगुजारी से भी अवगत कराया और कहा कि जिस तरह से पुलिस की इमेज को खराब करके फिल्मों और सोशल मीडिया में दिखाया जा रहा है वास्तविकता में ऐसा नहीं है। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों से अपील की है कि विद्यार्थियों को पुलिस स्टेशनों में लेकर आएं और वहां की गतिविधि से अवगत कराएं।