समाचारवाला/लुधियाना
-उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्य सभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड विकास दर के मामले में सबसे टॉप पर
-भूमि कानून को लेकर उत्तराखंड सरकार बेहद गंभीर

लुधियाना, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष व राज्य सभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने लुधियाना दौरे पर उत्तराखंडी समुदाय के साथ बैठक की। महेंद्र भट्ट ने बैठक में कहा कि विकास दर के लिहाज से उत्तराखंड इस समय देश में टॉप पर है और उत्तराखंड में इंवेस्टमेंट का यह सबसे अच्छा समय है। उन्होंने उत्तराखंडी समुदाय के लोगों को उत्तराखंड में इंवेस्ट करने का न्यौता दिया। महेंद्र भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड सरकार केंद्र सरकार के सहयोग से गांवों में जनसुविधाएं उपलब्ध करवा रही है और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि लुधियाना जैसे शहर में उत्तराखंड के लोगों ने शिक्षा व औद्योगिक क्षेत्र में विशेष पहचान बनाई है। उन्हें चाहिए कि वो भी उत्तराखंड में इंवेस्टमेंट करें राज्य सरकार उन्हें सहयोग करेगी। राज्य में शिक्षा व मेडिकल के क्षेत्र में बेहतरीन काम हो रहा है।


महेंद्र भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में राज्य में रिवर्स पलायन के लिए काम कर रही है। उन्होंने अपील की है कि अलग-अलग शहरों में रहने वाले उत्तराखंडियों को चाहिए कि वो अपने परिवार के एक सदस्य के लिए उत्तराखंड में कारोबार स्थापित करवाएं ताकि उत्तराखंड में रिवर्स पलायन हो और गांव फिर से आबाद हों। उन्होंने कहा कि बहुत से युवा गांवों में जाकर सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार शुरू कर चुके हैं और अन्य कई लोगों को रोजगार दे रहे हैं। उन्होंने बैठक में शामिल लोगों से केदारनाथ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार आशा नौटियाल को सहयोग करने का आग्रह भी किया। इस अवसर पर लुधियाना में रहने वाले उत्तराखंडियों ने उन्हें अपनी समस्याएं बताई। उन्होनें पंजाब भाजपा में उत्तराखंड प्रकोष्ठ बनाने, अमृतसर – हरिद्वार जन शताब्दी को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक बढाने, लुधियाना -अम्बाला – सहारनपुर पैसेंजर को ऋ षिकेश तक चलाने, लुधियाना से रु द्रप्रयाग तक सीधी बस सेवा चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जो सेवाएं केंद्र सरकार के अधीन हैं उसके लिए संबंधित मंत्रलय से बात करेंगे और राज्य सरकार के अधीन आने वाली सेवाओं के लिए मुख्यमंत्री से बात करेंगे। इस अवसर पर परशुराम भट्ट, गुणानन्द सेमवाल, कीर्ति राम सेमवाल, भुवनेश भट्ट, प्रेम सिंह विष्ट, शशिधर सेमवाल, विनीत भट्ट, जनार्दन भट्ट, आशुतोष बेंजवाल, कार्तिक भट्ट, मनवर सिंह रावत, जय प्रकाश भट्ट , धीरेन्द्र सेमवाल, कैलाश रावत, विनोद नेगी, जय सिंह नेगी, बचन सिंह आदि उपस्थित रहे।