-गुरुद्वारा साहिब लाजपत नगर के प्रधान कुलदीप सिंह लूटेरों को कहते रहे उनके पास कुछ नहीं और वो दातर से करते रहे हमला
समाचारवाला/लुधियाना
शहर में कानून व्यवस्था इस कदर बिगड़ चुकी है कि लोग अब मॉर्निग व इवनिंग वॉक करने से भी कतराने लगे हैं। लुटरे शहर में खुलेआम दातर व तेजधार हथियार लेकर घूम रहे हैं और लोगों को लूट रहे हैं। कोई उनका विरोध करता है तो उस पर तेजधार हथियारों से वार कर देते हैं। ऐसी ही एक घटना नूरवाला रोड पर लाजपत नगर गुरुद्वारा साहिब के प्रधान कुलदीप सिंह के साथ घटी। कुलदीप सिंह 11 मार्च को सुबह करीब पौने पांच बजे रोज की तरह सैर करने निकले और जैसे ही नूरवाला रोड पर सोहन ढाबे के पास पहुंचे तो मोटर साइकिल सवार तीन लुटेरों ने उन्हें घेर लिया। लुटेरों ने तेजधार हथियार निकालकर उनकी जेब टटोलनी शुरू कर दी। कुलदीप सिंह ने उनका विरोध करना शुरू किया तो आरोपियों ने दातर से हमला करना शुरू कर दिया और तीन जगह से हाथ की हड्डी तोड़ दी। कुलदीप सिंह की शिकायत पर थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।
कुलदीप सिंह ने बताया कि वो रोजाना सुबह सैर करने जाते हैं उनके अलावा भी बड़ी संख्या में लोग नूरवाला रोड पर सुबह सैर करते हैं। उन्होंने बताया कि 11 मार्च को सुबह तीन युवक आए और उन्होंने उनसे मोबाइल फोन व अन्य सामान देने को कहा। उन्होंने बताया कि वो सैर करते वक्त अपने पास कुछ भी सामान नहीं लेकर जाते। जब उन्हें कुछ नहीं मिला तो उन्होंने धमकाना शुरू किया। उन्होंने बताया कि लुटेरों की इस हरकत का थोड़ा विरोध किया तो लुटरों ने उनकी दाएं हाथ में दातर से हमला कर दिया। दातर से वार इतनी जोर से किए कि उनके हाथ में कट लगने के साथ साथ तीन जगह से हड्डी भी टूट गई। थाना बस्ती जोधेवाल के एएसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता के बयानों पर तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया है।
बाक्स
-शिरोमणी अकाली दल के पूर्व जिला प्रधान रणजीत सिंह ढिल्लो ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
शिरोमणि अकाली दल के पूर्व जिला प्रधान व हलका पूर्वी के पूर्व विधायक रणजीत सिंह ढिल्लों ने शहर में लगातार हो रही लूटपाट की वारदातों पर पुलिस व सरकार की कारगुजारी पर सोशल मीडिया पर लाइव होकर सवाल खड़े किए हैं। ढिल्लों ने कहा कि शहर में आए दिन लूट, चोरी व हत्या जैसी घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि दातर लेकर घूमना शहर में आम सी बात है और पुलिस उन्हें पकड़ नहीं पा रही है। सैर कर रहे व्यक्ति को लूट की नीयत से रोका और जब कुछ नहीं मिला तो उनके हाथ को ही तीन जगह से तोड़ दिया। हाल ही में हजूरी रोड पर स्कूली बच्चों को धमकाने वाले खुलेआम दात लहराते रहे लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर पाई।