– मुख्यमंत्री की घोषणा व विधानसभा में बिल पास होने के बावजूद नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से पब्लिक परेशान -एनओसी की शर्त खत्म करने का नोटिफिकेशन जारी न करने से पंजाब सरकार को हो रहा रैवेन्यू लॉस
समाचारवाला/लुधियाना
पंजाब सरकार ने प्लाटों की रजिस्ट्री के लिए एनओसी की शर्त खत्म करने व बिना एनओसी के बिजली मीटर लगाने की कई बार घोषणाएं कर दी। यही नहीं पंजाब सरकार बिना एनओसी के प्लाटों की रजिस्ट्री करवाने का बिल विधानसभा में पास कर चुकी है। इसके बावजूद सरकार के ये आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित रह गए। जबकि लोग लंबे समय से नोटिफिकेशन के इंतजार में टकटकी लगाए बैठे हैं। विधानसभा में बिल पास होने के बाद लोगों ने प्लाटों की एनओसी के लिए संबंधित विभागों में आवेदन करने बंद कर दिए हैं। जिसकी वजह से सब रजिस्ट्रार दफ्तरों में रजिस्ट्रियां भी कम हो रही हैं। जिसका सीधा असर पंजाब सरकार के रैवेन्यू पर भी पड़ रहा है। वहीं दूसरी तरफ पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड के दफ्तरों में भी रोजाना लोग नए बिजली कनैक्शन के लिए चक्कर लगा रहे हैं। लोग काउंटरों पर जाकर कर्मचारियों को आवेदन फार्म जमा करवा रहे हैं और जब कर्मचारी उनसे एनओसी की डिमांड करता है तो आवेदक उनके साथ लड़ने लग जाते हैं। लोग तर्क देते हैं कि सरकार ने बिजली कनैक्शन के लिए एनओसी की शर्त खत्म कर दी है। कर्मचारी उन्हें बताते रह जाते हैं कि अभी तक इस मामले में नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ। जब नोटिफिकेशन जारी होगा उसके बाद ही बिजली मीटर जारी होगा। लुधियाना के अलग-अलग डिवीजनों में रोजाना 100 से ज्यादा लोग नए बिजली कनैक्शन का आवेदन करने आते हैं। सरकार की लेट लत्तीफी के कारण पावरकॉम को भी भारी रैवेन्यू लॉस हो रहा है। बाक्स एनओसी की शर्त ने पंजाब का प्रॉपर्टी कारोबार तबाह करके रख दिया: डीडी शर्मा पंजाब प्रॉपर्टी एंड कॉलोनाइजर एसोसिएशन पंजाब के मालवा जोन के प्रधान डीडी शर्मा ने बताया कि पंजाब सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रॉपर्टी कारोबार मंदी के दौर से गुजर रहा था। एनओसी की शर्त ने तो पूरा कारोबार तबाह करके रख दिया। सरकार बार-बार घोषणा कर रही है कि एनओसी की शर्त खत्म कर दी गई है लेकिन अभी तक इस संबंध में नोटिफिकेशन जारी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में कलेक्टर रेट भी इतने बढ़ा दिए गए हैं कि लोग रजिस्ट्री करवाने से कतरा रहे हैं। जो लोग पंजाब में प्रॉपर्टी में इंवेस्ट करते थे उन्होंने भी दूसरे राज्यों का रूख कर दिया है। जिससे राज्य के रैवेन्यू को भारी नुकसान हो रहा है।