-निकासी न होने से हरिकरतार कालोनी में लोगों के घरों में भरा बरसाती पानी
लुधियाना में लंबे समय से बारिश का इंतजार हो रहा था। सीजन की पहली बरसात ही लोगों की जान पर आफत बनकर आ गई। शिवाजी नगर नाले को ढ़कने के प्रोजैक्ट में हो रही देरी के कारण आसपास के मोहल्लों में पानी जमा हो गया और लोगों के घरों तक पहुंच गया। हरिकरतार कालोनी में लोगों के घरों के अंदर दो-दो फीट पानी जमा हो गया जिसकी वजह से रसोई में रखे इंवर्टर से पानी में करंट आ गया और महिला की करंट लगने से मौत हो गई। महिला के परिजन आनन फानन में उसे सीएमसी अस्पताल ले गए। अस्पताल में पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। उसके बाद इलाके के लोगों ने शिंगार रोड पर धरना दिया और इलाके की निकासी व्यवस्था को ठीक करने की मांग की ताकि दोबारा किसी की जान न जाए। विशाल मल्होत्र ने बताया कि उसके छोटे भाई के घर में रसोई तक पानी भर गया था। रसोई में उनके छोटे भाई की प}ी मीनू मल्होत्र (42 वर्ष) काम कर रही थी और वह अचानक नीचे गिर गई। घर में उस समय उनकी बेटी थी। उसने देखा तो लोगों को बुलाया। इस बीच लोग एकत्रित हुए और उसे गाड़ी में रखकर अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में पानी ज्यादा था जिसकी वजह से गाड़ी बंद हो गई। फिर दूसरे वाहन पर रखकर सीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि वहां जाकर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। विशाल मल्होत्र ने कहा कि अगर पानी की निकासी ठीक होती तो लोगों के घरों में पानी नहीं भरता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पानी की निकासी का प्रबंध किया जाए ताकि किसी और की जान न जाए। सीएमसी अस्पताल ने थाना डिवीजन नंबर तीन को करंट से मौत होने की सूचना दी। जिसके बाद देर शाम थाना डिवीजन नंबर तीन के एसएचओ अमृतपाल सिंह उनके घर पहुंचे। एसएचओ ने बताया कि अभी महिला के पति घर पर नहीं हैं। उनके बयान लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।