फर्स्ट समाचार/लुधियाना

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ(आरएसएस) हर वर्ष स्थापना दिवस (विजयदशमी) के मौके पर जिलेवार पथ संचालन कर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करता है। लेकिन इस बार आरएसएस ने स्थापना दिवस से पूर्व ही नगर स्तर पर पथ संचलन के कार्यक्रम शुरू कर दिए। रविवार को न्यू सुभाष नगर के अधीन आने वाली शाखाओं से जुड़े स्वयं सेवकों ने टिब्बा रोड पर करीब 2.5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर पथ संचलन किया और इस दौरान देश की एकता व अखंडता को बनाए रखने का आवाह्न किया। स्वयं सेवकों ने बैंड बाजों के साथ पूर्ण गणवेश व दंड के साथ पथ संचलन में हिस्सा लिया। इस दौरान खुली जीप पर भारत माता की तस्वीर लगाई गई और जगह-जगह लोगों ने स्वयं सेवकों को पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया। आखिर में टिब्बा थाने के सामने पार्क में पथ संचलन का समापन हुआ और आरएसएस के अधिकारियों ने स्वयं सेवकों को सम्मानित किया।
पथ संचलन में आरएसएस के स्वयं सेवकों, प्रौढ़ वर्ग के स्वयं सेवकों के साथ बाल स्वयं सेवकों ने भी हिस्सा लिया। पथ संचलन की अगुवाई न्यू सुभाष नगर के नगर संघ चालक सोमप्रकाश, जिला कार्यवाह नितिन व जिला प्रचारक धर्मेद्र ने की। धर्म जागरण पंजाब के जिला संयोजक कमलदेव ने स्वयं सेवकों को संबोधित किया और उन्हें आरएसएस की विचारधार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने धर्म जागरण कार्यक्रम के बारे में भी स्वयं सेवकों को अवगत कराया। पथ संचलन में 155 स्वयं सेवकों ने हिस्सा लिया। नगर कार्यवाह सत्यदेव तिवारी ने कहा कि जिला स्तर पर होने वाले पथ संचलन में न्यू सुभाष नगर से बड़ी गिनती में स्वयं सेवक पूर्ण गणवेश में शामिल होंगे। इस मौके पर स्वयं सेवकों ने भारत माता की पूजा अर्चना की और बौद्धिक गतिविधि में हिस्सा लिया। इस मौके पर नगर सह कार्यवाह संजय, राजूपुरी, गजेंद्र सिंह, पवन, कार्तिक भट्ट, संकल्प, हर्षित, अंश, वंश, शौर्य व अन्य मौजूद रहे।