Thu. Apr 16th, 2026

राकेश पराशर सीनियर डिप्टी मेयर और प्रिंस जौहर बने डिप्टी मेयर

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं

शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना और लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना हमारी पहली प्राथमिकता है – अमन अरोड़ा

अरोड़ा ने दिवंगत विधायक गुरप्रीत गोगी को किया याद, कहा – उनकी हार्दिक इच्छा थी कि लुधियाना में पूर्ण बहुमत से ‘आप’ का मेयर बने, हमें बेहद खुशी है कि आज उनकी इच्छा पूरी हुई

समाचारवाला/लुधियाना/चंडीगढ़

लंबे इंतजार के बाद आखिरकार लुधियाना शहर को अपना नया मेयर मिल गया है। आम आदमी पार्टी (आप) की प्रिंसिपल इंदरजीत कौर लुधियाना का मेयर निर्वाचित हुई हैं। वहीं राकेश पराशर सीनियर डिप्टी मेयर और प्रिंस जौहर को डिप्टी मेयर बने हैं।

मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रधान अमन अरोड़ा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी और कहा कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में लुधियाना नगर निगम प्रशासन पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ काम करेगा और शहर के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।

अमन अरोड़ा ने पार्टी नेताओं के साथ लुधियाना में एक प्रेस कांफ्रेंस किया और मीडिया को संबोधित किया। अरोड़ा ने कहा कि आज लुधियाना में एक नया अध्याय की शुरुआत हुई है। आम आदमी पार्टी ने पहली बार लुधियाना को महिला मेयर दिया है। हमारे डिप्टी मेयर राकेश पराशर भी काफी अनुभवी हैं। वह छठी बार काउंसलर बने हैं।

उन्होंने कहा कि पूरे पंजाब में निकाय चुनाव नतीजों के बाद से अब तक 35 से ज्यादा जगहों पर आम आदमी पार्टी का मेयर और अध्यक्ष/प्रधान बन चुका है। यह हमारे लिए बेहद गर्व की बात है और पंजाब के लिए भी एक नई शुरुआत है।

अमन अरोड़ा ने आम आदमी पार्टी के पूर्व दिवंगत विधायक गुरप्रीत गोगी को भी याद किया और कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि पूर्ण बहुमत से लुधियाना में आम आदमी पार्टी का मेयर बने। आज हमें बेहद खुशी है कि उनकी इच्छा पूरी हुई है।

अरोड़ा ने निगम चुनाव में लगन और समर्पण के साथ चुनाव अभियान चलाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओ, नेताओं और स्थानीय विधायकों की भी सराहना की और उनको धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की बदौलत ही आज लुधियाना में हमारा मेयर बनाने का सपना पूरा हुआ है।

आगे की रणनीतियों पर अरोड़ा ने कहा कि विकास के काम जो पिछले लंबे समय से रूके हुए थे, उन्हें तेजी से पूरा किया जाएगा और शहर को सुंदर व स्वच्छ बनाने के लिए नई योजनाएं बनाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना और लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना हमारी पहली प्राथमिकता है। इसके लिए हमारे मेयर, डिप्टी मेयर और सभी पार्षद दिन-रात काम करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *