-लुधियाना जिले के खन्ना ब्लॉक में उपलब्धता से 290 प्रतिशत ज्यादा भूजल निकाला जा रहा है
-सभी 11 ब्लॉकों में उपलब्धता से ज्यादा पानी निकाला जा रहा है, खेती में हो रहा है ज्यादा भूजल का इस्तेमाल
समाचारवाला/लुधियाना
जमीनी पानी का इस्तेमाल करने के मामले में लुधियाना जिला पूरे पंजाब में टॉप पर है। लुधियाना जिले के 11 में से 6 ब्लॉक ऐसे हैं जिनमें जमीनी पानी उपलब्धता के दोगुना से ज्यादा निकाला जा रहा है। जबकि बाकी में भी उपलब्धता से ज्यादा जमीनी पानी निकाला जा रहा है। लुधियाना जिले में कुल 20.34 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी की उपलब्धता है जबकि 34.55 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी निकाला जा रहा है। जिले में उपलब्धता से 170 फीसदी जमीनी पानी निकाला जा रहा है। जिसकी वजह से लुधियाना के सभी 11 ब्लॉक भूजल जलस्तर के मामले में डार्क जोन में आ चुके हैं। यही हालात रहे तो अगले कुछ सालों में लुधियाना में भूजल लगभग सूखने की कगार पर आ जाएगा। इस साल पर्याप्त बारिश न होने से भूजल विशेषज्ञ भी चिंतित हैं क्योंकि बरसात के सीजन में हर साल भूजल स्तर तीन से चार मीटर रिचार्ज हो जाता है। वहीं दूसरी तरफ हर साल औसतन एक मीटर के करीब भूजल स्तर लुधियाना जिले में कम हो रहा है। लुधियाना जिले में भूजल की उपलब्धता की तुलना में सबसे ज्यादा पानी खन्ना ब्लॉक में निकाला जा रहा है। खन्ना ब्लॉक में भूजल की उपलब्धता की तलुना में 290 प्रतिशत ज्यादा पानी जमीन के अंदर से निकाला जा रहा है। केंद्रीय ग्राउंड वाटर बोर्ड की रिपोर्ट के मुताबिक खन्ना जिले में 1.17 बिलियन क्यूबिक मीटर भूजल की उपलब्धता है जबकि 3.40 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी निकाला जा रहा है। इसी तरह समराला में 270 फीसदी, लुधियाना में 255 फीसदी, रायकोट में 231 फीसदी, पक्खोवाल में 229 फीसदी और डेहलों में 211 फीसदी ज्यादा पानी जमीन से निकाला जा रहा है। दोराहा में 111 फीसदी, जगराहों में 134 फीसदी, माछीवाड़ा में 118 फीसदी, मांगट में 131 फीसदी, सिधवां बेट में 160 फीसदी और सुधार में 143 फीसदी ज्यादा जमीनी पानी निकाला जा रहा है। बाक्स ब्लॉक वाइज भूजल की उपलब्धता और निकाला जा रहा भूजल
ब्लॉक भूजल की उपलब्धता निकाला जा रहा भूजल
डेहलों 1.59 3.35 दोराहा 2.72 3.01 जगराओं 2.32 3.11 खन्ना 1.17 3.40 लुधियाना 1.21 3.10 माछीवाड़ा 2.37 2.78 मांगट 2.71 3.56 पक्खोवाल 1.07 2.45 रायकोट 1.16 2.69 समराला 0.76 2.05 सिधवां बेट 2.24 3.58 सुधार 1.01 1.44 कुल 20.34 34.55 (उक्त सभी आंकड़े बिलियन क्यूबिक मीटर में हैं। एक बिलियन क्यूबिक मीटर में 10 हजार करोड़ लीटर होते हैं।)
बाक्स
खेती के लिए प्रयोग हो रहा है 33.46बिलियन क्यूबिक मीटर भूजल
लुधियाना जिले में कुल 34.55 बिलियन क्यूबिक मीटर भूजल का इस्तेमाल हो रहा है जिसमें से 33.46 बिलियन क्यूबिक पानी अकेला खेती में प्रयोग हो रहा है। राज्य सरकार और केंद्र सरकार किसानों को फसली चक्र से बाहर निकलकर खेती विभिन्नता की तरफ ले जाने के प्रयास कर रही है लेकिन किसान अभी तक फसली चक्र से बाहर आने को तैयार नहीं हैं। जिसकी वजह से सूबे में जमीनी पानी का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। भूजल विशेषज्ञों का मानना है कि अगले साल यानि 2025 में इंडस्ट्रियल और घरेलू प्रयोग के लिए 1.59 बिलियन क्यूबिक मीटर भूजल का इस्तेमाल किया जाएगा।
