Site icon समाचारवाला

10 नवंबर को पंजाबी भवन में होंगे देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति के दर्शन


-गढ़वाल भ्रातृ मंडल के तत्वाधान में ईगास महोत्सव का आयोजन होगा, सौरव मैठाणी व संगीता ढोंढियाल गाएंगे लोकगीत

कार्तिक/समाचारवाला लुधियाना
लंबे समय के बाद लुधियाना में गढ़वाली सांस्कृति कार्यक्रम करवाया जा रहा है। गढ़वाल भ्रातृ मंडल के तत्वाधान में पंजाबी भवन के रंगमंच पर पहाड़ के कलाकार देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति के दर्शन करवाएंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के लिए रविवार को गढ़वाल भ्रातृ मंडल के पदाधिकारियों व ईगास महोत्सव संचालन समिति के सदस्यों की बैठक हुई। बैठक के बाद मंडल के प्रधान हरी सिंह नेगी, संचालन समिति के संयोजक आत्मा राम तिवाड़ी व प्रबंधक भुवनेश भट्ट ने बताया कि उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक सौरव मैठाणी व गायिका संगीता ढोंढियाल अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगी।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तराखंड स्थापना के 25वें वर्ष के उपलक्ष्य में करवाया जा रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड का प्रसिद्ध लोकपर्व ईगास से लोगों को रूबरू करवाने के लिए इसे ईगास महोत्सव का नाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि समारोह में उत्तराखंड की संस्कृति से जुड़े लोक गीत, लोक नाच व अन्य कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस समारोह की अध्यक्षता उत्तराखंड के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व राज्य सभा सदस्य महेंद्र भट्ट करेंगे जबकि केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू, राज्य सभा सदस्य संजीव अरोड़ा, सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, पूर्व विधायक रणजीत सिंह ढिल्लों व हलका इंचार्ज ईश्वरजोत चीमा मुख्य अतिथि होंगे। उन्होंने बताया कि इस समारोह में लुधियाना में रहने वाले उत्तराखंडियों को उनकी विशेष उपलब्धि के लिए सम्मानित किया जाएगा।

Exit mobile version