गुरू तेग बहादुर जी की कुर्बानी सम्पूर्ण मानव जाति के जीवन की स्वतंत्रता के लिए :- डा. भाटिया
समाचारवाला/लुधियाना
गुरु तेग बहादुर जी की शहादत केवल कश्मीरी पंडितों या हिन्दू धर्म की रक्षा के लिए ही न हो कर, सम्पूर्ण मानव जाति के अपने विश्वास और जीवन मूल्यों के साथ जीने के प्रकृति प्रद अधिकार के लिए थी। यह कुर्बानी गुरू जी के विराट व्यक्तित्व का परिचयक है।
उक्त शब्द पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के पूर्व वाईस चेयरमैन डा. वरिंदर भाटिया ने स्कूल संघ पंजाब द्वारा पंजाब साहित्य अकादमी लुधियाना के सभागार में आयोजित गुरू तेग बहादुर जी की शहादत को समर्पित राज्य स्तरीय शैक्षणिक मुकाबलों के ईनाम वितरण समारोह को सम्बोधित करते हुए कहे।
उन्होंने कहा कि गुरू तेग बहादुर जी की इसी बलिदानी परम्परा को दशमेश पिता और चारों साहिबजादों ने और आगे बढ़ाया। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को गुरू जी और चारों साहिबजादों को आदर्श मानकर अपने जीवन में अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण और सामूहिकता को अपनाने को कहा। उन्होंने कहा कि शिक्षा दान सबसे महान कार्य है। शिक्षा का अर्थ केवल सर्टिफिकेट या डिग्री हासिल करना भर न होकर,
बच्चों को सामाजिक, नैतिक और भारतीय संस्कृतिक मूल्यों से परिचित करवा कर उन्हें जीवन में उचित निर्णय लेने लायक बनाना होना चाहिए।
डा भाटिया ने स्कूल संघ पंजाब के इस प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों की सामाजिक जिम्मेदारी के पालन के लिए महत्वपूर्ण हैं। भविष्य में भी समय समय विभिन्न विषयों पर सामाजिक जागरूकता के लिए बच्चों के बीच कार्यक्रम जारी रखे जाएं.
इस अवसर पर उन्होंने इस प्रतियोगिता के विजेताओं, उप विजेताओं और सम्मानित होने वाले प्रिंसिपलों को बधाई दी।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारम्भ डा. वरिन्द भाटिया, स्कूल संघ पंजाब के कार्यकारी प्रधान कमल नयन शर्मा, मिडिल स्कूल कोऑर्डिनेटर कमलवर्धन सेमवाल, कार्यक्रम सह इंचार्ज बलजीत सिंह, उप प्रधान अमन मल्होत्रा, विजय शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस अवसर पर कार्यक्रम का संचालन करते हुए स्कूल संघ पंजाब के कोऑर्डिनेटर राजेश नागर और सह संगठन सचिव राघव भारद्वाज ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी की शहीदी और उनकी जीवनी से बच्चों को परिचित करवाने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता प्राइमरी- मिडल- मेट्रिक – सीनियर सेकेंडरी वर्ग में आयोजित की गईं। जिसमें विभिन्न जिलों के अस्सी हजार से अधिक बच्चों ने भाग लिया। जिसमें से भिन्न जिलों के विजेता और उप विजेता 312 विद्यार्थी आज यहाँ सम्मानित किए जा रहे हैं। इसके आलावा 52 स्कूल प्रिंसिपल जो कि न्यूतम फीस लेकर निम्न आर्थिक वर्ग के बच्चों की शिक्षा को समर्पित हैं उन्हें भी आज सम्मानित किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्कूल संघ पंजाब के महासचिव भुवनेश भट्ट, सह सचिव जसप्रीत सिंह छाबड़ा, सलाहकार प्रिं. विनीत भट्ट और प्रि. सुदर्शन जैन, प्रि. पवन शर्मा मोहाली ने डा. भाटिया को शाल और गुरू जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर शैक्षणिक मुकाबलों के 312 विजेता और उप विजेता छात्र -छात्राओं को ट्राफी और सर्टिफिकेट देकर बोर्ड के पूर्व वाईस चेयरमैन डा भाटिया ने सम्मानित किया।
इसी अवसर पूरा शिक्षा क्षेत्र में व्यापक योगदान के लिए सम्मानित होने वालों में प्रि जोधा सिंह, प्रिं. जागीर सिंह, प्रि संतोख कुमार मानसा, प्रि. अभिषेक शर्मा, प्रि. अनुराग भट्ट, प्रि. गौरव नागर, प्रि. कर्मजीत सिंह, प्रि. मुकेश जैन, प्रि. अंजना भट्ट, प्रि. ममता रानी, प्रि. नीलम रानी,प्रि. अर्जन सिंह,प्रि. रमन शर्मा,प्रि. हरदीप कौर,प्रि. जतिन्दर सिंह, प्रि.रंजीत कौर,प्रि. गगनदीप शर्मा, प्रि. वनिता रानी मौड़ मंडी आदि शामिल रहे।

