एसोसिएशन पॉलसी 2011-12 जारी रखने की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री से मिले एसोसिएट स्कूल संगठन
लुधियाना पूर्वी के विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल और स्कूल संघ पंजाब के प्रधान की अगुवाई में चंडीगढ़ सचिवालय में हुई बैठक
-शिक्षामंत्री ने दिया भरोसा, विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करके जल्द निकालेंगे सुखद हल
समाचारवाला/लुधियाना
स्कूल संघ पंजाब और एसोसिएट स्कूल्स ज्वाइंट एक्शन फ्रंट के संयुक्त प्रतिनिधि मंडल ने एसोसिएट स्कूलों की समस्याओं को लेकर हलका लुधियाना पूर्वी के विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल व स्कूल संघ पंजाब के प्रधान जनार्दन भट्ट के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ बैठक की। प्रतिनिधि मंडल में स्कूल संघ पंजाब के वरिष्ठ उप प्रधान कमलनयन शर्मा, सलाहकार बलजीत सिंह, विजय ठाकुर, सुनील मेहता, मनप्रीत सिंह, एसोसिएट स्कूल्स ज्वाइंट एक्शन फ्रंट पंजाब के महासचिव प्रितपाल सिंह, ज्वाइंट एक्शन फ्रंट के प्रधान सुदर्शन शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान आनद सिंह, महासचिव जय प्रकाश भट्ट, गगनदीप शर्मा आदि शामिल थे।शिष्टमंडल की तरफ से शिक्षा मंत्नी को एसोसिएशन पालसी के बारे में जानकारी देते हुए स्कूल संघ पंजाब के महासचिव भुवनेश भट्ट ने बताया कि 2011 में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर से पास करवाकर और तत्कालीन शिक्षा मंत्नी से स्वीकृति के बाद एसोसिएशन पालसी लागू की। जिसमें जगह, कमरों, लाइब्रेरी, प्रयोगशाला सहित सभी शर्ते स्पष्ट लिखी थी। परन्तु 2020 में तत्कालीन शिक्षा सचिव कम चेयरमैन ने कुछ लोगों के दवाब में गलत आकडों से रिपोर्ट तैयार करते हुए बिना बोर्ड की मंजूरी के एसोसिएट स्कूलों को एफिलिएशन लेने का आदेश जारी करते हुए एसोसिएशन पालसी खत्म करने का फरमान जारी कर दिया। शिष्टमंडल ने मांगपत्र में दिए गए तथ्यों के संबंध में दस्तावेज भी शिक्षा मंत्री को दिए। इस अवसर पर भुवनेश भट्ट ने शिक्षा मंत्नी से मांग की कि बोर्ड सचिव द्वारा जारी 12-06-2020 का एसोसिएट स्कूलों को नए नियम पूरा करके एफिलिएशन लेने संबंधी पत्र वापस लेकर 2011-12 की एसोसिएशन पालसी जारी रखी जाए । उन्होंने बताया कि जिस कैबिनेट सब कमेटी का हवाला इन शर्तो को लेकर दिया जाता हैं वह केबिनेट सब कमेटी शिक्षा विभाग में सुधारों को लेकर बनी थी और उसका पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की स्वायत्तता से कोई संबंध नहीं था। स्कूल संघ पंजाब के कोऑर्डिनेटर राजेश नागर, ज्वाइंट एक्शन फ्रंट के आनंद सिंह, जयप्रकाश व अन्य ने शिक्षा मंत्री को बताया कि सभी एसोसिएट स्कूल आरटीई के तहत सरकार की सभी शर्त पूरी करते हुए मान्यता प्राप्त है। एसोसिएट स्कूल निम्न आर्थिक वर्ग के बच्चों को शिक्षा देने के साथ ही रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है।
2025-26 के लिए जारी किया जाए कंटीन्युशन परफार्मा
बैठक में एसोसिएट स्कूल्स ज्वाइंट एक्शन फ्रंट पंजाब के महासचिव प्रितपाल सिंह ने मांग की कि एसोसिएट स्कूलों का 2025-26 का कंटिन्यूशन फार्म तत्काल जारी किया जाए ताकि स्कूल संचालक अगले सत्र के लिए अपनी तैयारी शुरू कर सकें। उन्होंने शिक्षा मंत्री से मांग की है कि एफिलिएटेड स्कूलों की तर्ज पर एसोसिएट स्कूलों का परफार्मा भी हर साल सितंबर माह में जारी किया जाए।
कम फीस लेकर पढ़ा रहे हैं एसोसिएट स्कूल: दलजीत ग्रेवाल भोला
लुधियाना पूर्वी विधायक दलजीत सिंह ग्रेवाल ने शिक्षा मंत्नी को बताया कि एसोसिएट स्कूल बहुत ही कम फीसों पर गरीब वर्ग के लाखों बच्चों को उच्च स्तरीय शिक्षा दे रहे है। अत: सरकार को एसोसिएट स्कूलों की तर्क संगत मांगों को सहृदयता से विचारते हुए जल्दी से जल्दी इनका हल निकलना चाहिए।
जल्दी ही जारी होगा एसोसिएट स्कूलों का कंटीन्युशन परफार्मा:
स्कूल संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने के बाद शिक्षा मंत्नी हरजोत बैंस ने उन्हें भरोसा दिलाया कि तत्काल कंटीन्युशन परफार्मा जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने मौके से ही पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव को एसोसिएट स्कूलों के अगले कंटीन्युशन परफार्मा को जारी करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए। एसोसिएशन पालसी पर उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मुद्दे पर विभागीय चर्चा के बाद जल्दी ही कोई सुखद हल निकालेंगे।

