Site icon समाचारवाला

राज्यपाल ने पंजाब को नशा मुक्त बनाने की कमान अपने हाथों में ली


-लुधियाना में नशा मुक्त भारत अभियान के कार्यक्रम में पहुंचे थे राज्यपाल

समाचारवाला/राजेश सुखीजा
लुधियाना,

पंजाब को नशामुक्त बनाने की जिम्मेदारी राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने अब अपने कंधों पर ले ली है। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया नशा के खिलाफ अलख जगाने के लिए 10 दिन सूबे में 80 किलोमीटर पैदल चलेंगे। इस जागरूकता यात्र में जुड़ने के लिए उन्होंने विश्व विद्यालयों, धार्मिक गुरुओं व सामाजिक संगठनों के साथ बैठक कर रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि इस यात्र में उनके साथ कोई जुड़े या न जुड़े लेकिन वो दस दिन तक रोजाना आठ-आठ किलोमीटर पैदल चलकर गांवों में जाकर लोगों से मिलेंगे।
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि पंजाब गुरुओं और योद्धाओं की भूमि है। आज भी इस धरती पर वैसे ही योद्धा पैदा होते हैं लेकिन नशा ने उनको खोखला कर दिया है। उन्होंने कहा कि पड़ौसी देश भारत के सामने इस समय सैन्य मोर्चा से लेकर हर मामले में कहीं नहीं टिकता। इसलिए उसने भारत के खिलाफ छद्म युद्ध शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब बॉर्डर स्टेट है और यहां के युवाओं को नशे के गर्त में धकेल कर उन्हें बर्बाद कर रहा है जिसका असर आने वाले 10 से 15 सालों में सामने आएगा। उन्होंने कहा कि नशा से सामाजिक व पारिवारिक सद्भाव तो बिगड़ता है इससे देश की युवा शक्ति भी कमजोर हो रही है। उन्होंने युवाओं से भावुक होकर कहा कि मैं तीन-चार साल का मेहमान हूं लेकिन आपके सामने पूरी जिंदगी पड़ी है। उन्होंने अपील की है कि नशे के खिलाफ चल रहे अभियान में युवा उनका साथ जरूर दें। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि पंजाब सरकार, प्रशासन व आम लोग इस यात्र के जरिए लोगों को जागरूक करने के लिए सड़क पर जरूर आएंगे। राज्यपाल ने कहा कि इस यात्र से न तो उन्हें अपने पोस्टर बैनर लगवाने हैं और न ही फोटो छपवानी है। उनका मकसद पंजाब के युवाओं को नशे के गर्त से बाहर निकालना है।
राज्यपाल नशा मुक्त पंजाब अभियान को कारगर बनाने के लिए अलग-अलग संस्थाओं से बात कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने सूबे के पांच बड़े निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ बैठक की और रविवार को राजभवन चंडीगढ़ में धर्म गुरुओं को बैठक के लिए आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा कि सूबे को नशा मुक्त कराने में जो भी पक्ष कारगर साबित हो सकता है उन सभी से मिलूंगा और उन्हें इस अभियान में जोडूंगा।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया पीएयू में आयोजित समारोह देरी से शामिल हुए। उन्होंने पहले सभागार में बैठे युवाओं से माफी मांगी और फिर कहा कि वो केंद्रीय गृह मंत्री के साथ नशा व बॉर्डर स्टेट में सुरक्षा के संबंध में मीटिंग में थे। राज्यपाल ने बताया कि केंद्र सरकार पंजाब के साथ-साथ सभी बॉर्डर स्टेट्स में नशा रोकने व सुरक्षा के संबंध में ठोस नीति तैयार कर रही है। जिसके परिणाम जल्दी ही धरातल पर आएंगे।

Exit mobile version