-सेवा केंद्र ने जो एफिडेविट अटैस्ट करके जारी किया उस पर बेटी की फोटो व जानकारियां लिखी हैं
-सेवा केंद्र ने जो रिकार्ड स्लिप दी है उस पर जानकारियां बेटी की हैं और फोटो मां की लगा दी
: सेवा केंद्र का ऐसा कारनामा सामने आया है जिसमें जिससे सेवा केंद्र की कारगुजारी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सेवा केंद्र में एक लड़की ने एफिडेविट बनवाया। सेवा केंद्र ने संबंधित अधिकारी से एफिडेविट अटैस्ट करवाकर आवेदन करने वाली लड़की को सौंप दिया। एफिडेविट पर लड़की का नाम, आधार नंबर, अष्टाम नंबर व अन्य जानकारियां लिखी हैं। लेकिन बाद में जब सेवा केंद्र से इस एफिडेविट की रिकार्ड स्लिप सामने आई तो पता चला कि उस पर जानकारियां तो आवेदन करने वाली लड़की की ही हैं लेकिन फोटो उसकी मां की लगा दी गई। सेवा केंद्र के रिकार्ड स्लिप पर अब भी लड़की की जगह मां की फोटो लगी है। इससे अब सवाल यह उठता है कि सेवा केंद्र के ऑनलाइन रिकार्ड में फोटो की अदलाबदली कैसे हो गई? पूजा घई ने 12 जुलाई 2019 में एक एफिडेविट सेवा केंद्र से बनवाया। जिसमें स्टैंप पेपर नंबर, लड़की का पता और आधार नंबर लिखा गया है। इस एफिडेविट को कार्यकारी मजिस्ट्रैट ने अटैस्ट किया है। अब एफिडेविट की एक रिकार्ड स्लिप सामने आई है जिसमें सभी जानकारियां पूजा घई की ही हैं। तिथि से लेकर आधार नंबर, पता व अष्टाम नंबर सभी जानकारियां 12 जुलाई 2019 को जारी हुए एफिडेविट जैसी ही हैं लेकिन लड़की की जगह फोटो उसकी मां की लगा दी गई है। लड़की की मां ने 27 जून को सेवा केंद्र से एक एफिडेविट बनवाया था उसमें जो फोटो लगी है वही फोटो लड़की के एफिडेविट की रिकार्ड स्लिप पर है। अब सवाल यह उठता है कि लड़की के एफिडेविट की रिकार्ड स्लिप पर उसकी मां की फोटो कहां से आ गई? चमनलाल घई ने बताया कि पूजा घई उनकी भतीजी है जिसने एफिडेविट बनवाया था। अब उनके पास एफिडेविट की रिकार्ड स्लिप आई है जिस पर पूजा की जगह उसकी मां की फोटो लगा दी है। इसे देखकर वो खुद भी हैरान हैं। उन्होंने कहा कि जब इस संबंध में जानकारियां जुटाई तो पता चला कि 27 जून 2019 को उसकी मां ने जो फोटो सेवा केंद्र में करवाई थी वही फोटो उसके एफिडेविट की रिकार्ड स्लिप पर लगाई गई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि साजिश के तहत यह फोटो बदली गई है ताकि उनकी भतीजी के एफिडेविट को झूठा साबित किया जाए। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर को भी दे दी है। पुलिस कमिश्नर ने इसकी जांच एडीसीपी स्तर के अधिकारी को सौंप दी है। वहीं दूसरी तरफ पूजा ने भी इस मामले की शिकायत ईओ विंग को दे दी है।
