कमरों की ऊंचाई और चौड़ाई बतानी होगी वर्ग फुटों में
समाचारवाला/लुधियाना
एक ही स्कूल को दसवीं और बारहवीं की अलग अलग लॉग इन होने से डुप्लीकेसी के कारण नहीं हो रहा डाटा अपलोड।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड अपने अजीबो गरीब फैसलों के कारण अक्सर ही चर्चाओं में बना रहता है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड में पिछले कई बार से जब भी चेयरमैन त्यागपत्र देता है तो उसका पदभार वाइस चेयरमैन को न देकर स्कूली शिक्षा सचिव अपने पास रख लेते हैं। जिससे अक्सर बोर्ड के निर्णय प्रभावित होने के साथ ही लोगों /स्कूलों की समस्याएं भी शीर्ष अधिकारी की गैर मौजूदगी के कर्म अप्रूवल के बिना अक्सर समय पर हल नहीं हो पाती हैं।
बोर्ड द्वारा इस वर्ष एसोसिएट स्कूलों के लिए जारी किया गया पहली बार ऑनलाइन कंटिंन्युशन फार्म जी का जंजाल बनता जा रहा है। बोर्ड द्वारा बिना होमवर्क किए और तकनीकी विचार – विमर्श के आनन -फानन में उठाए गए इस कदम का पहले दिन से अधिकतर पंजाब स्तरीय एसोसिएट स्कूल संगठन खुलकर विरोधकर रहे थे। इस ऑनलाइन फार्म के स्वरूप के कारण कई ऐसी तकनीकी समस्याएं पैदा हो गईं है कि यदि कोई स्कूल इस फार्म का विरोध कर रहे एसोसिएट स्कूल संगठनों की अपील को अनदेखा करके, इस ऑनलाइन कंटिन्यूशन फार्म को भरना भी चाहे तो सही डाटा के साथ फार्म भरना संभव ही नहीं है।
इस लुधियाना के एक सीनियर सेकंडरी स्कूल के वाइस प्रिंसिपल सर्वजीतसिंह ने बताया कि उनके स्कूल को बोर्ड द्वारा दसवीं और बारहवीं की दो अलग -अलग लॉग इन नंबर दिए गए हैं। एक लॉग इन में ऑनलाइन डाटा भरने के बाद जब वह दूसरी लॉग इन में प्रिंसिपल और स्टाफ का डाटा भर रहे हैं तो वह डाटा डुप्लीकेट दिखाते हुए, अपलोड नहीं हो पा रहा है।
एक अन्य मैंट्रिक एसोसिएट स्कूल के हैडमास्टर संजय शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन कंटिन्यूशन फार्म में बोर्ड द्वारा कमरों की ऊंचाई और चौड़ाई पूछी गईं है। जबकि पिछले साल तक और बोर्ड एक्ट के अनुसार भी कमरे का साइज लम्बाई X चौड़ाई में पूछा जाता है। जिससे कमरे का क्षेत्रफल पता चल सके। फार्म के वर्तमान स्वरूप से हर कमरे का कुल क्षेत्रफल कम दर्ज होगा। क्योंकि किसी भी बिल्डिंग में कमरे की ऊंचाई हमेशा लम्बाई से कम ही होती है।
एक सीनियर सेकंडरी स्कूल की प्रिंसिपल रजनी शर्मा ने बताया कि हैरानीजनक तथ्य तो यह है कि बोर्ड द्वारा ऑनलाइन फार्म में कमरे कि ऊंचाई और चौड़ाई दोनों वर्ग फुट में पूछी गईं है, जो कि दुनिया के किसी भी कौन में प्रचलित मापन-प्रणाली में संभव नहीं है। अतः अगर एसोसिएट स्कूल डुप्लीकेसी कि समस्या के कारण किसी एक ही आई डी पर भी फार्म भरना चाहे तो यह संभव नहीं है।
एक मैंट्रिक एसोसिएट स्कूल की प्रिंसिपल मंजू ने बताया कि मंगलवार 08 अक्टूबर 2024 ऑनलाइन फार्म भरने की आखिरी तिथि है, लेकिन बार बार ध्यान में लाए जाने के बावजूद बोर्ड अबतक इस तकनीकी समस्या का हल निकालने में असफल रहा है।
एक एसोसिएट स्कूल प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि जब उन्होंने बोर्ड में एसोसिएट ब्रांच में व्यक्तिगत तौर पर जाकर सम्पर्क किया तो वहाँ मौजूद अधिकारी ने बताया कि एसोसिएट कंटिन्यूशन ऑनलाइन फार्म का मामला उच्चाधिकारीयों के पास निर्णय के लिए पेंडिंग है।
