Site icon समाचारवाला

बिजली चोरों पर पावरकॉम का धावा, एक दिन में पकड़े 220 चोर

पावरकॉम ने 57.04 लाख रुपये का जुर्माना ठोका

पावरकॉम ने सैंट्रल जोन लुधियाना के अलग-अलग सर्किलों में की छापेमारी

-पावरकॉम की चेतावनी, बिजली चोरों के खिलाफ होगा सख्त एक्शन

फर्स्ट समाचार

पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड(पीएसपीसीएल) ने बिजली चोरों पर ताबड़तोड़ छापेमारी करनी शुरू कर दी। पावरकॉम के सैंट्रल जोन लुधियाना के अलग-अलग सर्किलों में टीमों ने एक साथ छापेमारी की और एक दिन में 220 बिजली चोर दबोचे और उन पर 57.04 लाख रुपये का जुर्माना ठोका। बिजली चोरी के 220 मामलों में तो पावरकॉम ने सीधे-सीधे बिजली चोरी पकड़ी है जबकि अन्य मामलों में बिजली का अनअधिकृत तौर पर प्रयोग किया जा रहा था। पावरकॉम के सैंट्रल जोन लुधियाना के चीफ इंजीनियर इंदरपाल सिंह ने बिजली चोरों को सख्त चेतावनी दी है कि वो अब बिजली चोरी करना छोड़ दें नहीं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यही नहीं उन्होंने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए पावरकॉम की यह छापेमारी लगातार जारी रहेगी। पावरकॉम ने शनिवार को छुट्टी वाले दिन यह छापेमारी की। चीफ इंजीनियर इंदरपाल ने रविवार को सभी जांच टीमों से रिपोर्ट एकत्रित करके मीडिया को जारी की। टीमों ने 4092 कनैक्शनों की जांच की जिसमें 127 कनैक्शन पूर्वी सर्किल, 1594 कनैक्शन पश्चिमी सर्किल, 844 सब अर्बन सर्किल और 1527 कनैक्शन खन्ना सर्किल में शामिल थे। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 220 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए जिसमें से 78 मामलों में सीधे बिजली की चोरी की जा रही थी। इसके अलावा 142 मामलों बिजली का गैरकानूनी तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि इन सभी उपभोक्ताओं पर पावरकॉम ने 57.04 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। 220 बिजली चोरी के मामलों में से 94 सब अर्बन सर्किल, 73 खन्ना सर्किल, 42 पश्चिमी सर्किल और 11 मामले पूर्वी सर्किल में पकड़े गए हैं। उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा 1594 कनैक्शनों की जांच पश्चिमी सर्किल में की गई जिसमें से अग्रनगर डिवीजन में ही 469 कनैक्शनों की जांच की गई। इंद्रपाल सिंह ने कहा कि सरकार राज्य में बिजली चोरी की समस्या को नियंत्रित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पावरकॉम प्रबंधन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिजली चोरी के साथ बिजली का अवैध इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए।

Exit mobile version