
सास को बचाने आई बहू के सीने में चाकू से किया प्रहार, पत्नी पर भी किए 15 वार
समाचारवाला/पटियाला
पटियाला के सनौर में एक 65 साल के बुजुर्ग ने चाकू मार अपनी बहू की हत्या कर दी। बहू का दोष सिर्फ इतना था कि जब बुजुर्ग अपनी पत्नी पर चाकू से वार कर रहा था तो वह उसे बचाने आ गई थी। बुजुर्ग ने अपनी पत्नी पर एक के बाद एक 15 वार किए और जब सास जोर जोर से चिल्लाने लगी तो बहू उसे बचाने गई।
बुजुर्ग ने इसी दौरान बहू के सीने पर चाकू से वार कर दिया और फिर अपने पेट में भी दो वार किए। घटना के बाद तीनों घायल बहू, सास और ससुर को राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बहू की मौत हो गई। मृतका की पहचान 19 वर्षीय अंजू कौर के रूप में हुई है, जबकि उसकी सास मलकीत कौर और ससुर प्रकाश चंद अस्पताल में इलाजरत हैं।
यह घटना 26 दिसंबर की सुबह करीब तीन बजे हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी प्रकाश चंद, निवासी मोहल्ला कसाबिया वाला, सनौर, के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाना सनौर के प्रभारी हरमिंदर सिंह ने बताया कि मृतका अंजू कौर के दादा भलदेव सिंह, निवासी गांव रामपुर घनौर, की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। अस्पताल से छुट्टी मिलते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
कभी दवा या खाना देर से मिलने पर करता था हंगामा
घटना के अनुसार, 65 वर्षीय प्रकाश चंद के बेटे जसवीर सिंह की शादी दो साल पहले हुई थी। प्रकाश चंद गुस्सैल स्वभाव का था और घर में अक्सर खाना देर से मिलने या दवा न देने जैसी बातों पर झगड़ा करता रहता था। 26 दिसंबर को अंजू कौर ने अपने दादा भलदेव सिंह को फोन कर बताया कि उसका ससुर प्रकाश चंद छोटी सी बात पर झगड़ा करते हुए सास मलकीत कौर के साथ मारपीट कर रहा है। यह सुनते ही भलदेव सिंह पोती के ससुराल पहुंचे, जहां पता चला कि किसी काम के लिए पैसे न मिलने के कारण झगड़ा हुआ था। समझा-बुझाकर माहौल शांत करा दिया गया। बाद में जसवीर सिंह काम पर चला गया और सभी सो गए। रात करीब तीन बजे मलकीत कौर की चीखें सुनाई दीं तो बहू अंजू कौर देखने गई। वहां देखा कि ससुर चाकू से वार कर रहा था। जैसे ही अंजू कौर ने रोकने की कोशिश की, उसके सीने में चाकू घोंप दिया गया। दिल पर चाकू लगने से अंजू कौर की मौत हो गई।
