
-पानी में करंट की वजह से 10 मिनट तक बच्चे को बचाने के लिए कोई नहीं जा सका आगे
-चौड़ी सड़क पर पानी भरने से बिजली के खंभे में आया करंट, परिजनों ने पावरकॉम के खिलाफ दी शिकायत
पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड(पावर कॉम) की लापरवाही से सीजन की पहली बरसात ने चौड़ी सड़क पर आठ वर्षीय ‘मासूम’ दिवांशु की जान ले ली। वीरवार सुबह हुई बारिश के कारण चौड़ी सड़क पर पानी भर गया। दिवांशु सुबह बारिश बंद होने के बाद पास की दुकान पर चीज लेने गया। जब वह मेन रोड पर बिजली के खंभे के पास से निकला तो उसे करंट लग गया और वह अचानक नीचे गिर गया। खंभे के आसपास काफी दूर तक पानी में भी करंट आ रहा था जिसकी वजह से 10 मिनट तक उसे बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। लोग वहां हल्ला करते रहे। परिवार हल्ला सुनकर बाहर आया तो पता चला कि उनका बच्च वहां पानी में गिरा हुआ है। तब तक इलाके में बिजली बंद हो गई थी और फिर लोगों ने उसे उठाया। परिवार के सदस्य व अन्य लोग उसे लेकर सीएमसी अस्पताल गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सीएमसी अस्पताल से सूचना मिलने पर थाना डिवीजन नंबर तीन की पुलिस ने बच्चे का शव सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। परिवार ने शाम को थाना डिवीजन नंबर तीन में पावरकॉम अधिकारियों के खिलाफ शिकायत भी दे दी है। दिवांशु का आज (शुक्रवार) दिवांशु का बर्थ डे था और परिवार ने बर्थ डे मनाने की तैयारी भी की थी। लेकिन उनकी तैयारियां धरी की धरी रह गई।
दिवांशु के पिता राकेश कुमार रिक्शा चलाते हैं और चौड़ी सड़क पर किराए के मकान में रहते हैं। राकेश कुमार ने बताया कि सुबह जब बारिश बंद हुई तो बच्चे ने चीज खाने के लिए पैसे मांगे। उन्होंने बताया कि वह पैसे लेकर बाहर निकला और घर के बाकी लोग अपने काम में लगे थे। कुछ देर बाद बाहर हल्ला होने लगा। जब बाहर आए तो वहां पर उनका बच्च पानी में गिरा हुआ था। आसपास खड़े लोगों ने बताया कि पानी में करंट आ रहा है। उन्होंने बताया कि जब तक वो आए तब तक बिजली बंद हो चुकी थी। तब उन्होंने बच्चे को उठाया और अस्पताल ले गए लेकिन उसकी पहले ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पावरकॉम की लापरवाही के कारण उसके बच्चे की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पावरकॉम की लापरवाही के खिलाफ थाना डिवीजन नंबर तीन में शिकायत दे दी है।
बाक्स
पावरकॉम व निगम जिम्मेदार: चौधरी यशपाल
पूर्व पार्षद व भाजपा नेता चौधरी यशपाल ने बताया कि बच्चे की मौत के लिए सीधे तौर पर पावरकॉम व नगर निगम के अधिकारी जिम्मेदार हैं। उन्होंने बताया कि बरसात से पहले पावरकॉम ने सही तरीके से तारों की जांच नहीं की और इसकी वजह से करंट लगने से बच्चे की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि नगर निगम पानी की निकासी का प्रबंध सही नहीं किया इसलिए वहां पानी जमा हो गया और बच्चे की मौत का कारण बन गया। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पावरकॉम व नगर निगम के अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
बाक्स
बर्थ डे को लेकर खुश था दिवांशु
दिवांशु की बड़ी बहन खुशी ने बताया कि 28 जून से उसे नौवां साल शुरू होना था। उसने बताया कि वह अपने बर्थ डे को लेकर बेहद खुश था। उसने बताया कि दो तीन दिन से लगातार अपना बर्थ डे मनाने की बात कर रहा था। लेकिन काल को यह सब मंजूर नहीं था। उसने बताया कि अगर पावरकॉम ने पहले इंतजाम ठीक किए होते तो उसके भाई की मौत नहीं होती और वो शुक्रवार को खुशी-खुशी अपना बर्थ डे मना पाता।
करंट लगने से बच्चे की मौत के मामले में अज्ञात ‘जिम्मेदार’ पर पर्चा दर्ज
-पुलिस करेगी जांच, पानी में करंट आने के लिए कौन है जिम्मेदार
-जिला प्रशासन ने परिवार को दिया एक लाख रुपये का चैक, सीएम रिलीफ फंड से भी मदद दिलाने का दिया भरोसा
: चौड़ी सड़क पर करंट लगकर बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने पावर कॉम के अज्ञात ‘जिम्मेदार’ के खिलाफ पर्चा दर्ज कर दिया वहीं जिला प्रशासन ने परिवार को माली सहायता के तौर पर एक लाख रुपये का चैक भी सौंप दिया। यही नहीं जिला प्रशासन ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री रिलीफ फंड से भी उन्हें माली सहायता दी जाएगी। जिम्मेदारों के खिलाफ मामला दर्ज होने और माली सहायता मिलने के बाद परिवार ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का संस्कार करवा दिया।
वीरवार को बच्चे की मौत के बाद गुस्साए परिवार व अन्य लोगों ने बच्चे का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। देर रात तक परिवार बच्चे के शव को लेकर सड़क पर ही बैठा रहा। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर आए और उन्होंने जिम्मेदार लोगों के खिलाफ पर्चा दर्ज करने का भरोसा दिलाया और प्रशासन ने उन्हें माली सहायता देने का भरोसा दिया। उसके बाद रात को धरना उठाया और बच्चे के शव को सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया। सुबह थाना डिवीजन नंबर तीन में पुलिस ने अज्ञात जिम्मेदारों के खिलाफ पर्चा दर्ज किया और फिर प्रशासन ने उन्हें एक लाख रुपये का चैक दिया। थाना डिवीजन नंबर तीन के एसएचओ अमृतपाल शर्मा ने बताया कि परिवार की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ लापरवाही से जान लेने का मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि जांच की जाएगी कि पानी में करंट किसी की लापरवाही से आया है। जांच के बाद संबंधित कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
——
बाक्स
डीसी ने जांच के लिए बनाई चार सदस्यीय कमेटी
नीरज वर्मा ने बताया कि इस मामले को लेकर डीसी साक्षी साहनी से भी मुलाकात की गई, जिन्होंने परिवारिक सदस्यों को आश्वासन दिया कि इस मामले को लेकर एडीसी मेजर अमित सरीन की अध्यक्षता में 4 मेंबरी कमेटी का गठन किया है। जिसमे नगर निगम के ज्वाइंट कमिश्नर चेतन बांगर, नवीन कंबोज सुपरिटेंडेंट इंजीनियर ग्लाडा, रमेश कौशल सुपरिटेंडेंट इंजीनियर पी.एस.पी.सी.एल को शामिल किया गया है। जो सात दिन में उनको रिपोर्ट देगी।
बाक्स
एसडीएम विकास हीरा ने परिवार को सौंपा एक लाख रुपये का चैक
शुक्रवार को एसडीएम विकास हीरा ने परिवार के साथ आए भाजपा नेता नीरज वर्मा व अन्य के साथ बैठक की। एसडीएम ने बैठक के बाद परिवार को एक लाख रुपए की राशि का चैक दिया और गैर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। वहीं मृतक दिवांशु की बड़ी बहन को सरकारी नौकरी की सिफारिश व छोटी बहन की पढ़ाई सरकारी खर्च पर करवाने का आश्वासन दिया गया। इस मौके पर गौतम सूद, वरुण सूद, लवली थापर, प्रवीण मल्होत्र, मोनू दौलत स्वीट आदि मौजूद रहे।
